झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने एक बड़ा और अनोखा कदम उठाया है। मंत्री अब खुद अस्पतालों में डॉक्टर की भूमिका निभाते हुए नियमित रूप से OPD में मरीजों को देखेंगे। माना जा रहा है कि देश में पहली बार कोई स्वास्थ्य मंत्री ऐसा करने जा रहा है।
डॉ. अंसारी ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि वे राज्य के सभी जिलों का दौरा करेंगे और हर जिले के सदर अस्पताल में सीधे मरीजों की समस्याएं समझेंगे। इस दौरान वे अस्पतालों की मौजूदा स्थिति, स्टाफ की कमी, सुविधाओं और प्रबंधन का वास्तविक आकलन करेंगे। इसके आधार पर नया रोस्टर और सुधार योजना भी खुद तैयार करेंगे।
मंत्री ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य है— हर नागरिक को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधा दिलाना। डॉक्टर अंसारी पहले से ही MBBS और MD कर चुके हैं और 2002 से 2004 तक सरकारी डॉक्टर के रूप में भी सेवा दे चुके हैं। अब उसी अनुभव को वे बतौर मंत्री स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने में लगाना चाहते हैं।

