रांची : झारखंड में प्रशासनिक पहचान से जुड़ा बड़ा बदलाव करते हुए राज्य सरकार ने राजभवन का नाम बदल दिया है। गवर्नर के अपर मुख्य सचिव नितीन मदन कुलकर्णी द्वारा बुधवार को जारी आदेश के बाद रांची और दुमका, दोनों स्थानों के राजभवन का नया नाम ‘लोक भवन’ कर दिया गया है।
गृह मंत्रालय की सहमति और राज्यपाल की स्वीकृति के साथ यह परिवर्तन तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। प्रशासन का मानना है कि नया नाम सत्ता को जनता से और अधिक जोड़ने का प्रतीक है।
इसी अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बुधवार को देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती और परमवीर चक्र से सम्मानित शहीद लांस नायक अल्बर्ट एक्का की पुण्यतिथि पर लोक भवन परिसर में उनके चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की।
यह दिन झारखंड में प्रशासनिक बदलाव और राष्ट्रीय सम्मान दोनों का अनूठा संगम साबित हुआ।

