DHANBAD : धनबाद में बनी झारखंड की पहली आठ-लेन सड़क पर बार-बार भूस्खलन होने से इसकी निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पिछले एक साल से भी कम समय में यह सातवीं बार है जब इस सड़क का कोई हिस्सा धंसा है। ताजा मामला राजा तालाब के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे 10 से 15 फीट गहरा गड्ढा बन गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बता दें कि सड़क के नीचे से जा रही भेलाटांड़ जलापूर्ति योजना की राइजिंग पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण यह भूस्खलन हुआ है। पाइप से पानी रिसने के कारण नीचे की मिट्टी बह गई, जिससे सड़क धंस गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्पेशल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (SADA) की टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात रोक दिया। मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि हाइड्रा मशीन की मदद से पुराने पाइप को हटाकर नया पाइप लगाया जाएगा। उम्मीद है कि बुधवार की रात तक काम पूरा हो जाएगा।
करीब 461.90 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क पर बार-बार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में रोष है। उनका आरोप है कि सड़क के निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है और इंजीनियरिंग योजना भी खराब है। पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भी कहा कि सर्विस लेन में राइजिंग पाइपलाइन बिछाना ही एक गलत तकनीकी फैसला था, जिससे बार-बार लीकेज और धंसने की समस्या हो रही है।
ज्ञात हो कि सड़क के उद्घाटन के 24 घंटे के भीतर ही 5 अक्टूबर 2024 को पहली बार यह असर्फी अस्पताल के सामने धंसी थी। इसके बाद यह सिलसिला जारी रहा। भूली के पास चार बार, मेमको मोड़ के पास एक बार और अब राजा तालाब के पास यह सड़क धंस चुकी है। मरम्मत के लिए पुरानी पाइप को बदलकर नई पाइप डाली जा रही है। उम्मीद है कि काम बुधवार की रात तक पूरा हो जाएगा।

