धालभूमगढ़, झारखंड
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार राज्य के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है। उन्होंने साफ़ शब्दों में कहा कि झारखंड में काम करने वाली सभी निजी कंपनियों को कम से कम 75% नौकरियां स्थानीय लोगों को देनी होंगी। जो कंपनियाँ इस नियम का पालन नहीं करेंगी, उनके लिए राज्य में कोई जगह नहीं होगी।
सीएम सोरेन ने ये बात धालभूमगढ़ के नरसिंगगढ़ हाट मैदान में आयोजित एक जनसभा के दौरान कही। यह सभा घाटशिला उपचुनाव के समर्थन में आयोजित की गई थी, जहाँ वे झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के पक्ष में प्रचार कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव में कुल 13 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन असली मुकाबला झामुमो गठबंधन और भाजपा के बीच है। उन्होंने जनता से अपील की कि “भाजपा तरह-तरह के प्रलोभन देगी, लेकिन झारखंड की जनता को अब जागरूक रहना है और अपने हक़ की सरकार को समर्थन देना है।”
सीएम ने कहा कि घाटशिला की यह जीत दिशोम गुरु शिबू सोरेन और दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार, राजस्व एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा मांझी, विधायक सविता महतो, अरूप चटर्जी, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, दिवंगत रामदास सोरेन की पत्नी सूरजमनी सोरेन, तथा जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू सहित कई नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया।

