22.4 C
Jharkhand
Friday, December 5, 2025

धनबाद में जादूगर सिकन्दर का जादुई जलवा 19 सितंबर से, टाउन हॉल में रोजाना होंगे शो

 

धनबाद। कोयलांचल की सांस्कृतिक राजधानी धनबाद एक बार फिर रोमांच, रहस्य और मनोरंजन से भरपूर कार्यक्रम का गवाह बनने जा रहा है। शहर के टाउन हॉल में 19 सितंबर से प्रसिद्ध जादूगर सिकन्दर का जादुई शो शुरू होने जा रहा है। पहली बार धनबाद पहुंचे जादूगर सिकन्दर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि उनकी प्रस्तुति में कई ऐसे नए प्रयोग शामिल होंगे, जिन्हें देखकर दर्शक दांतों तले उंगलियां दबाने को मजबूर हो जाएंगे।

 

सिकन्दर ने बताया कि जादू भारत की प्राचीनतम 64 कलाओं में से एक महान ललित कला है, जिसका किसी भी तरह तंत्र-मंत्र या अंधविश्वास से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि यह कला पूरी तरह वैज्ञानिक, तार्किक और कौशल पर आधारित है, जो दर्शकों को चकित और मंत्रमुग्ध कर देती है। उनका कहना था कि जादू सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से कई सामाजिक संदेश भी दिए जाएंगे।

 

19 सितंबर की शाम सात बजे शो का उद्घाटन किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में जिला परिषद की अध्यक्ष शारदा सिंह, धनबाद विधायक राज सिन्हा, डीडीसी सादत अनवर, नगर आयुक्त रवि राज शर्मा और एसडीओ राजेश कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। जादूगर सिकन्दर ने बताया कि उद्घाटन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और दर्शकों को ‘बरमूडा ट्रायएंगल इफेक्ट’ जैसे रोमांचक और रहस्यमय जादू देखने को मिलेंगे।

 

उन्होंने कहा कि कोलकाता और रांची में इस शो को जबरदस्त सफलता मिली है, जिसके बाद धनबाद को अगला पड़ाव चुना गया है। शो में रोमांच, रहस्य और नवीनता का अनोखा संगम होगा। सिकन्दर का कहना था कि वे अपने हर प्रदर्शन में नयापन लाने का प्रयास करते हैं ताकि दर्शकों का उत्साह और जिज्ञासा बनी रहे।

 

धनबाद में यह शो रोजाना दो बार प्रस्तुत किया जाएगा। पहला शो शाम 4 बजे और दूसरा शो 7 बजे से होगा। रविवार और छुट्टियों के दिन दर्शकों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए एक अतिरिक्त शो दोपहर 1 बजे भी रखा जाएगा। दर्शक टिकट सीधे टाउन हॉल परिसर से भी खरीद सकेंगे।

 

जादूगर सिकन्दर का कहना है कि उनका मकसद सिर्फ लोगों को चौंकाना नहीं है, बल्कि समाज में व्याप्त कुरीतियों और अंधविश्वासों को दूर करने का संदेश भी देना है। उन्होंने कहा कि जादू एक कला है, जिसे सही रूप में देखने और समझने की जरूरत है। धनबाद के लोगों के लिए यह शो एक यादगार अनुभव साबित होगा।

 

कोयलांचल के दर्शकों के लिए यह मौका बेहद खास है, जहां वे पहली बार जादूगर सिकन्दर के अद्भुत कारनामों को अपनी आंखों से देख पाएंगे। 19 सितंबर से शुरू हो रहे इस जादुई सफर का शहर बेसब्री से इंतजार कर रहा है। वहीं पूरी टीम के प्रबंध निदेशक गोलू सिंह ,जादूगर एस कुमार साथ ही धनबाद के स्थानीय जादूगर जूनियर एस कुमार भी मौजूद थे ।

संबंधित स्टोरीज़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ट्रेंडिंग न्यूज़