दुमका (झारखंड): गुरुवार दोपहर दुमका रेलवे स्टेशन के करीब एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया, जब रामपुरहाट–जसीडीह मेमू पैसेंजर ट्रेन के दो डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। दुर्घटना दोपहर लगभग 2:10 बजे ईस्टर्न रेलवे के दुमका स्टेशन के पास हुई।
अधिकारियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन स्टेशन की ओर धीमी गति से आ रही थी। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, डिब्बे पटरी से उतरने के कारण OHE बिजली का एक खंभा क्षतिग्रस्त होकर टूट गया, जिससे लाइन प्रभावित हो गई।
ट्रेन पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्टेशन से दोपहर 12:50 बजे रवाना हुई थी और इसका अंतिम स्टेशन जसीडीह (देवघर) था। हादसे के बाद ट्रेन को तुरंत खाली कराया गया, जिसके बाद अधिकतर यात्री सड़क मार्ग से आगे की यात्रा के लिए निकल गए।
ईस्टर्न रेलवे के CPRO वेद प्रकाश ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई है और ट्रैक व OHE लाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

