आसनसोल : कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर चौराहे पर शुक्रवार देर रात चोरी की दो बड़ी वारदातें हुईं। पहली घटना में एक मोबाइल दुकान से लगभग 80 लाख रुपये के मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए। वहीं दूसरी घटना में पास स्थित एक कपड़ों की दुकान से करीब 50 हजार रुपये नकद गायब होने की बात सामने आई है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारी बेहद चिंतित और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सुरक्षा की मांग को लेकर शनिवार सुबह व्यापारियों ने नियामतपुर चौराहे पर जीटी रोड जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जाम के कारण इलाके में ट्रैफिक प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही नियामतपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को शांत करवाने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घटना की जांच जारी है।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सुरक्षा व्यवस्था नहीं बढ़ाई गई, तो आंदोलन को और भी व्यापक बनाया जाएगा।

