जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रविवार को मानगो नगर निगम क्षेत्र के आजादनगर समेत कई इलाकों का दौरा कर सफाई व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि सफाई का ठेका लेने वाली एजेंसियां सही ढंग से काम नहीं कर रही हैं, इसलिए वे नगर निगम आयुक्त से इन एजेंसियों का भुगतान रोकने की सिफारिश करेंगे।
सरयू राय ने स्पष्ट कहा कि दबाव बनाए जाने पर कुछ दिन काम होता है, लेकिन उसके बाद ठेकेदार फिर से लापरवाह हो जाते हैं। ऐसे में सख्त कार्रवाई जरूरी है।
जगह-जगह दिखी गंदगी
निरीक्षण के दौरान नगर निगम कार्यालय से कुछ ही कदम दूर गांधी मैदान मानगो में गंदगी का अंबार मिला।
रोड नंबर 6 स्थित फुटबॉल मैदान में कचरे का ढेर और कचरा जलाने की घटनाएं सामने आईं।
रोड नंबर 9 में नाली की सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर बहता मिला।
बागनशाशी मुर्दा मैदान पूरी तरह डंपिंग यार्ड में तब्दील पाया गया।
इसके अलावा गरीब कॉलोनी, इमामबाड़ा के पास, ओल्ड पुरुलिया रोड, हड्डी गोदाम क्षेत्र और गणगौर के सामने की सड़क की हालत भी बेहद खराब पाई गई। कई जगह नालियों का निर्माण अधूरा है और करीब 400 फीट सड़क को नए सिरे से बनाने की जरूरत बताई गई।
डोर-टू-डोर कचरा उठाव बंद, विधायक नाराज
विधायक ने डोर-टू-डोर कचरा उठाव पूरी तरह बंद मिलने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यदि एजेंसी काम नहीं कर रही है तो उसे हटाया जाए और बिल में कटौती कर भुगतान किया जाए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सफाईकर्मी नालियों से निकला कचरा वहीं छोड़ देते हैं, जिससे लोग मजबूरी में सड़क पर कूड़ा जलाते हैं और पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है।
सरयू राय ने कहा कि कई सफाई ठेकेदार खुद काम न कराकर दूसरों से काम करवा रहे हैं, जिस पर नगर निगम को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
ये लोग रहे मौजूद
दौरे में आजादनगर विधायक प्रतिनिधि निसार अहमद, भाजपा आजादनगर मंडल अध्यक्ष फातिमा शाहीन, विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह, संतोष भगत, जेडीयू मंडल अध्यक्ष परवीन सिंह, मनोज कुमार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

