जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत, जमशेदपुर महानगर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने ‘नमो युवा रन’ नामक एक भव्य मैराथन का आयोजन किया। इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्त और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था, ताकि वे एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकें।
यह दौड़ सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन थी, जिसका नारा था “नशा छोड़ो, स्वस्थ जीवन अपनाओ”। इस मैराथन में हजारों की संख्या में युवाओं ने भाग लेकर यह संकल्प लिया कि स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र का आधार होते हैं।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
मैराथन के समापन पर, विजेताओं को मेडल, सर्टिफिकेट, मोमेंटो और नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, जमशेदपुर के सांसद विद्युत महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, भाजपा प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा और युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा शामिल थे। इन नेताओं ने युवाओं के उत्साह की सराहना की और इस तरह के आयोजनों के महत्व पर जोर दिया।

