धनबाद:
सदर अस्पताल परिसर स्थित सिविल सर्जन कैंपस में नव-निर्मित आदर्श कुपोषण उपचार केंद्र (MTC) का उद्घाटन शनिवार, 30 नवंबर 2025 को किया गया। राज्य के विकास आयुक्त सह स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह एवं उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।
उद्घाटन के दौरान अपर मुख्य सचिव ने रिसेप्शन एरिया, मॉड्यूलर किचन, वार्ड-1 व 2, डॉक्टर चैंबर, प्ले एरिया सहित पूरे केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने उपायुक्त द्वारा विकसित इस आधुनिक व चाइल्ड-फ्रेंडली उपचार केंद्र की सराहना की।
अपर मुख्य सचिव ने इलाजरत बच्चों व उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों के बीच पोषक आहार किट भी वितरित की, जिसका उपयोग बच्चे डिस्चार्ज होने के बाद घर पर बेहतर पोषण के लिए करेंगे।
नई निर्मित MTC में बच्चों के इलाज, पोषण और मनोरंजन की सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। मॉड्यूलर किचन से स्वच्छ भोजन तैयार किया जाएगा, वहीं प्ले एरिया, शिक्षण सामग्री और अन्य चाइल्ड-फ्रेंडली व्यवस्थाएँ बच्चों के मानसिक विकास में मदद करेंगी।
प्रतिदिन बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग की जाएगी। उद्देश्य है कि यह केंद्र भविष्य में पूरे राज्य के लिए आदर्श मॉडल बने।
केंद्र के विकास में बैंक ऑफ इंडिया के CSR फंड की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर बैंक ने आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई है।
कार्यक्रम में निदेशक DRDB राजीव रंजन, सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार, बीओआई के आंचलिक प्रबंधक दिनेश प्रसाद, उप आंचलिक प्रबंधक अवरातनु चंद्र सहित कई पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

