धनबाद। दुर्गा पूजा की सप्तमी तिथि के अवसर पर आज धनबाद के मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मान्यतानुसार, आज माता रानी ने लाल साड़ी और लाल चुनरी में भक्तों को दर्शन दिए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
सप्तमी होने के कारण सुबह से ही मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। सभी श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर माता रानी के दर्शन किए। भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर के पट देर तक खुले रखे गए ताकि कोई भी बिना दर्शन के न लौटे।
संध्या आरती के लिए विशेष अपील
संध्या के समय होने वाली विशेष आरती “हाथों में लेकर दीया करें मां की आरती” में शामिल होने के लिए भी भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पूजा समिति ने आरती में शामिल होने वाले भक्तों से समय से पहले आने की अपील की है, ताकि व्यवस्था के अनुसार उन्हें सुविधा प्रदान की जा सके। देर से आने वाले भक्तों को व्यवस्था बनाए रखने के लिए लाइन में खड़ा होना पड़ सकता है। समिति ने भक्तों के सहयोग की सराहना की है।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त
भक्तों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बैंक मोड़ और धनसार पुलिस पूरी तरह तत्पर है। वहीं, ट्रैफिक पुलिस भी सड़कों पर सक्रिय है ताकि यातायात बाधित न हो और कहीं भी रोड जाम की स्थिति न बने।
भक्तों की अटूट श्रद्धा और विश्वास का आलम यह है कि सप्तमी के साथ-साथ अष्टमी, नवमी और दशमी के लिए भी भोग-प्रसाद की बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है।
महाष्टमी के दिन होने वाला कन्या पूजन सुबह 10:30 बजे आयोजित किया जाएगा।

