नालंदा: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को नालंदा जिले के राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी में आयोजित प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों की दीक्षांत परेड समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने परेड का निरीक्षण किया, प्रशिक्षुओं को सलामी दी और उन्हें कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस व्यवस्था समाज में कानून और शांति बनाए रखने की आधारशिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके ये अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, संवेदनशीलता, अनुशासन और निष्ठा के साथ करेंगे।
दीक्षांत समारोह से पहले मुख्यमंत्री ने पुलिस अकादमी परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित प्रशिक्षण संस्थान राज्य में बेहतर पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेंगे।

