मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाली भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी को ऐतिहासिक और भव्य रूप देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और समग्र व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
गुरुवार को मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित वृंदावन योजना के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में तैयार की गई गेटेड टेंट सिटी का निरीक्षण किया। टेंट सिटी लगभग 350 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है, जिसमें 35 हजार लोगों के ठहरने की क्षमता, अत्याधुनिक किचन, एडवेंचर ज़ोन, ग्लोबल विलेज, प्रदर्शनी स्थल, कार्यलय व्यवस्था और 100 बिस्तरों वाला अस्थायी अस्पताल शामिल है।
सीएम ने निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और चिकित्सा सेवाओं को 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश 61 साल बाद राष्ट्रीय जम्बूरी की मेजबानी कर रहा है। पिछली बार यह आयोजन वर्ष 1964 में प्रयागराज में हुआ था।
इस बार 23 से 29 नवंबर तक होने वाला आयोजन सात दिनों तक चलेगा, जिसमें देश और विदेश के 30 हजार से अधिक स्काउट्स और गाइड्स भाग लेंगे। कार्यक्रम में साहसिक गतिविधियाँ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, शैक्षिक सत्र, विज्ञान एवं तकनीक आधारित प्रदर्शन, सेवा कार्य और विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ शामिल होंगी।
इस वर्ष स्काउट्स एंड गाइड्स संगठन अपना गोल्डन जुबली वर्ष भी मना रहा है, जिससे आयोजन का महत्व और बढ़ गया है।
निरीक्षण के दौरान स्काउट-गाइड्स के प्रादेशिक मुख्यायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने मुख्यमंत्री को सभी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

