Nirsa Road Accident: सड़क हादसे में युवक की मौत, मुआवजे पर बवाल
धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत चापापुर ओसीपी के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मिथुन कुंभकार के रूप में हुई है, जो कोड़ाडंगाल गांव का निवासी था।
Highlights:
ग्रामीणों का आरोप है कि चापापुर ओसीपी में चलने वाले भारी वाहन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही जान चली गई।
मुआवजे की मांग पर ठप हुआ काम
हादसे के बाद ग्रामीणों ने आउटसोर्सिंग कंपनी से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग करते हुए ओसीपी का काम बंद करवा दिया। बुधवार सुबह शव उठाने और काम शुरू करने को लेकर पुलिस व ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को देखते हुए निरसा अनुमंडल के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही निरसा अंचलाधिकारी भी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं।
मजदूरी कर लौट रहा था युवक
ग्रामीणों के अनुसार, मिथुन कुंभकार रोज की तरह मजदूरी कर रात करीब 10 बजे पैदल अपने गांव लौट रहा था, तभी हाईवा वाहन ने उसे कुचल दिया। युवक अविवाहित था।
परिवार गया है पुरी यात्रा पर
मृतक के पिता, मां और छोटा भाई उस समय जगन्नाथ पुरी यात्रा पर गए हुए थे। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है।

