धनबाद। भारत के संविधान के लागू होने के 75वें वर्ष (प्लैटिनम जुबिली वर्ष) पर धनबाद जिले में संविधान दिवस हर्ष और गरिमा के साथ मनाया गया। जिलेभर में विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों के तहत संविधान की प्रस्तावना का पठन कर नागरिकों को इसके मूल्यों से अवगत कराया गया।
इसी क्रम में सरकार आपके द्वार – सेवा के अधिकार सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने पदाधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित आम नागरिकों के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया।
इस दौरान संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग व समर्पित रहने का आह्वान किया गया। विधायक चटर्जी ने कहा कि संविधान ही राष्ट्र का मार्गदर्शक है और सभी नागरिकों का यह कर्तव्य है कि वे इसके आदर्शों का पालन करें।
कार्यक्रम में जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश बाउरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (कलियासोल) जय प्रकाश नारायण, अन्य जनप्रतिनिधि, कर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

