रांची: झारखंड हाईकोर्ट के सख़्त निर्देश के बाद रिम्स (RIMS) परिसर में शनिवार सुबह बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कोर्ट द्वारा दिए गए 72 घंटे के अल्टीमेटम के खत्म होते ही जिला प्रशासन, रिम्स प्रबंधन और भारी पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।
इस दौरान बुलडोजर चलाकर झुग्गी-झोपड़ी और पक्के मकान तोड़े गए, जहां कई परिवार पिछले 15–17 वर्षों से रह रहे थे। मकानों को गिरते देख प्रभावित लोग रोते-बिलखते नजर आए और उन्होंने कहा कि अब उनके पास रहने के लिए कोई ठिकाना नहीं बचा।
रिम्स प्रबंधन ने पहले चरण में 150 से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए थे। हाईकोर्ट ने साफ कहा था कि रिम्स की जमीन सरकारी एवं संस्थान की संपत्ति है, जिस पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने संकेत दिया है कि अगली कार्रवाई अन्य अतिक्रमित इलाकों में भी जारी रहेगी।

