चक्रधरपुर। पश्चिम सिंहभूम जिले की खतरनाक मानी जाने वाली टेबो घाटी, जो अपनी जलेबी जैसी घुमावदार संरचना के लिए मशहूर है, शनिवार को एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। टेबो थाना क्षेत्र के कंडियांग के पास दो वाहनों के बीच तेज रफ्तार में सीधी टक्कर हो गई। एक वाहन रांची की ओर से आ रहा था, जबकि दूसरा चक्रधरपुर की दिशा में जा रहा था।
घाटी में बने तीखे मोड़ के कारण दोनों वाहन एक-दूसरे को देख नहीं पाए और जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक वाहन सवार व्यक्ति घायल हो गया, जिसे तत्काल बंदगांव स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलते ही टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मरांडी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच में पाया गया कि टक्कर के बाद दोनों वाहनों में मौजूद लोग मौके से चले गए थे। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
ग्रामीणों ने बताया कि टक्कर काफी जोरदार थी, लेकिन बड़ी दुर्घटना टल गई और कई लोग बाल-बाल बच गए। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।

