गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के थंबाचक के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक और कार के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतक की पहचान देवरी प्रखंड के बेरिया गांव निवासी 19 वर्षीय कुतुबुद्दीन अंसारी पिता सिराज अंसारी के रूप में हुई है। वहीं हादसे में सरताज अंसारी और मो.हसनैन नामक दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से तिसरी आए हुए थे और वापस लौटते समय थंबाचक के पास गिरिडीह की ओर से तेज़ रफ्तार में आ रही एक कार से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए तिसरी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कुतुबुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गिरिडीह रेफर कर दिया गया है।हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।

