
धनबाद: समाज में बढ़ते नशा के चलन के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को धनबाद सिविल कोर्ट के न्यायिक पदाधिकारियों ने पदयात्रा का आयोजन किया। यह अभियान झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार (JHALSA) के मार्गदर्शन में चलाया गया, जिसका मकसद नशा मुक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।
पदयात्रा की शुरुआत धनबाद सिविल कोर्ट परिसर से हुई और यह शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः न्यायालय परिसर में आकर समाप्त हुई। इस दौरान न्यायिक पदाधिकारी हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर नशा के दुष्परिणामों के बारे में आमजन को जागरूक करते नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनों ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशा से दूर रहकर अपने भविष्य को सुरक्षित करें।
पदयात्रा में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय सुभाष, जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनीष दुर्गेश चंद्र अवस्थी सहित कई न्यायिक पदाधिकारी, एलएडीसीएस अधिकारी, पैनल अधिवक्ता, पारा लीगल वॉलंटियर, न्यायालय कर्मी और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में सकारात्मक सोच विकसित करना और नशा मुक्त झारखंड की दिशा में सामूहिक प्रयास को मजबूत करना रहा।

