
Highlights
- 18 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे नई अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ
- हावड़ा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस धनबाद होकर चलेगी
- धनबाद से दिल्ली के लिए यात्रियों को मिलेगी नई साप्ताहिक ट्रेन सुविधा
धनबाद रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जनवरी को पश्चिम बंगाल से तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इनमें हावड़ा से आनंद विहार (दिल्ली) के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस भी शामिल है, जो धनबाद होकर गुजरेगी।
इस नई ट्रेन के शुरू होने से धनबाद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए एक अतिरिक्त और बेहतर रेल विकल्प मिलेगा। रेलवे सूत्रों के अनुसार, यह ट्रेन हावड़ा से आनंद विहार की दूरी लगभग 27 घंटे 40 मिनट में तय करेगी, जबकि वापसी यात्रा में करीब 29 घंटे 15 मिनट का समय लगेगा। धनबाद से आनंद विहार तक का सफर लगभग 22 घंटे 50 मिनट में पूरा होगा।
यह ट्रेन प्रयागराज और कानपुर मार्ग की बजाय वाराणसी, लखनऊ, सुल्तानपुर और बरेली होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। हाल के दिनों में धनबाद से दिल्ली के लिए चलने वाली दो स्पेशल ट्रेनों के बंद हो जाने से यात्रियों को परेशानी हो रही थी। ऐसे में अमृत भारत एक्सप्रेस को एक महत्वपूर्ण विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उद्घाटन के दिन यह ट्रेन विशेष सेवा के रूप में चलाई जाएगी, जिसके बाद इसके साप्ताहिक संचालन की आधिकारिक समय-सारणी जारी की जाएगी। अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से धनबाद रेल मंडल को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

