रांची: राजधानी रांची के मेन रोड स्थित होटल The Ken में मरम्मत और पेंटिंग का काम कर रहे मजदूर की बिल्डिंग से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान मंटू कुमार के रूप में की गई है। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और होटल प्रबंधन व ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मजदूर को ऊँचाई पर काम करने के लिए सुरक्षा बेल्ट, हेलमेट जैसे जरूरी सेफ्टी गियर उपलब्ध नहीं कराए गए थे। सुरक्षा उपकरणों की कमी की वजह से यह दर्दनाक घटना घटी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है और उन्हें हर संभव मदद देने की बात कही जा रही है।

