रांची: झारखंड की राजधानी एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हॉकी जोश से भरने वाली है। महिला हॉकी इंडिया लीग (WHIL) और हॉकी इंडिया लीग (HIL) की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। शहर में खिलाड़ियों की आवाजाही और स्टेडियम की तैयारियों ने माहौल में उत्साह भर दिया है।
12 दिसंबर से रांची रॉयल्स महिला टीम का आगमन शुरू होगा, जबकि पुरुष टीम 14 दिसंबर को पहुंचेगी। महिलाओं का कैंप 13 दिसंबर से शुरू होगा, जिसमें खिलाड़ी लीग से पहले अपनी रणनीति और अंतिम अभ्यास पर फोकस करेंगी।
इस बार HIL में कुल 46 मैच खेले जाएंगे —
13 मुकाबले महिला लीग के
33 मुकाबले पुरुष लीग के
महिला लीग की पूरी मेजबानी रांची को मिली है, जिससे एक बार फिर शहर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में चर्चा का केंद्र बनने जा रहा है।
स्टेडियम तैयारियों में तेजी
मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में सुधार कार्य लगातार जारी है।
हाई मास्ट लाइट और LED स्क्रीन की टेस्टिंग
टूटी कुर्सियों की जगह नई कुर्सियाँ लगाई जा रहीं
वॉशरूम और बाथरूम की सफाई व मरम्मत
मैदान और तकनीकी क्षेत्रों का मानक के अनुसार पुनरुद्धार
28 दिसंबर से शुरू होने वाली हॉकी इंडिया लीग को लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रांची रॉयल्स की मेजबानी से शहर की खेल पहचान और भी मजबूत होने जा रही है।

