धनबाद: झारखंड में नालसा (NALSA) के निर्देश पर आयोजित नेशनल लोक अदालत के तहत शनिवार को बड़ी सफलता दर्ज की गई। राज्यभर में कुल 3 लाख 70 हजार 521 मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया गया, जिसमें 181 करोड़ 36 लाख 68 हजार 605 रुपये की राशि की वसूली हुई।
कार्यक्रम का ऑनलाइन उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश त्रिलोक सिंह चौहान ने दुमका से किया। धनबाद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बालकृष्ण तिवारी ने मुआवजा राशि के चेक लाभुकों को सौंपे।
इस अवसर पर सड़क दुर्घटना में शहीद जैप जवान जमाल अख्तर की विधवा निखत परवीन को 1 करोड़ 25 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान किया गया। इस सहायता से उनके बच्चों के भविष्य को लेकर आर्थिक सुरक्षा का भरोसा मिला।
नेशनल लोक अदालत का उद्देश्य लंबित मामलों का त्वरित समाधान कर लोगों को शीघ्र और सुलभ न्याय दिलाना है। इस अभियान में न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों की भूमिका सराहनीय रही।

