रांची | Republic Day 2026
झारखंड की राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। पूरा मैदान देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान की गूंज से गूंज उठा।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने को झारखंड के लिए गौरव की बात बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान झारखंड की मिट्टी, संघर्ष और जनजातीय अस्मिता का सम्मान है।
राज्यपाल ने ‘पेसा नियमावली–2025’ को जनजातीय स्वशासन की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे ग्राम सभाओं को सशक्त किया गया है और आदिवासी समुदायों के अधिकारों को मजबूती मिलेगी।
महिला सशक्तीकरण की दिशा में मंईयां सम्मान योजना की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि लाखों महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
राज्यपाल ने युवाओं के भविष्य, शिक्षा सुधार, कृषि विकास और स्वास्थ्य सेवाओं में सरकार की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

