
धनबाद:
जिले में हर घर जल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और जल सेवा आकलन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में शुक्रवार, 10 जनवरी 2026 को समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि हर घर जल योजना से आच्छादित सभी ग्राम पंचायतों में कार्यशील घरेलू नल कनेक्शन एवं नियमित जलापूर्ति से संबंधित आंकड़ों को ग्राम सभा से अनुमोदन कराकर ई-स्वराज पोर्टल पर दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाए।
इसके लिए संबंधित मुखिया, पंचायत सचिव, जल सहिया तथा पेयजल विभाग के कनीय अभियंता को संयुक्त रूप से गांवों का सर्वेक्षण कर सही एवं अद्यतन आंकड़े एकत्र करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पंचायत सचिव के लॉगिन आईडी से पोर्टल पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल 1 एवं 2 के कार्यपालक अभियंता तथा जिला समन्वयक, जल जीवन मिशन द्वारा पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से जिले में जल जीवन मिशन के तहत अब तक किए गए कार्यों और प्रगति की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन के अलावा सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला समन्वयक, कनीय एवं सहायक अभियंता, मुखिया, पंचायत सचिव एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

