राजगंज (धनबाद)। बड्स गार्डेन स्कूल, दलूडीह में सहोदया क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया, जिसमें धनबाद के 32 सीबीएसई स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक स्कूल से दो छात्र-छात्राओं की टीमों ने भाग लिया और प्रथम राउंड में लिखित वैकल्पिक प्रश्नों का उत्तर देकर क्वालीफिकेशन की दौड़ में शामिल हुईं। इनमें से 19 टीमें द्वितीय राउंड के लिए चयनित हुईं।
प्रतियोगिता के विभिन्न चक्रों में कई टीमें क्रमशः बाहर होती गईं और अंत में फाइनल राउंड में तीन टीमों ने शीर्ष स्थान हासिल किए।
प्रथम स्थान: क्रिसेंट पब्लिक स्कूल, गोविंदपुर – प्रेरणा कुमारी एवं निखिल कुमार मंडल
द्वितीय स्थान: सरस्वती विद्या मंदिर, भूली – पीहू कुमारी एवं अनुष्का कुमारी
तृतीय स्थान: डीएवी कोयला नगर, धनबाद – स्वाति कुमारी एवं सुहानी कुमारी
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें सहोदया की चेयरपर्सन एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल की प्राचार्य सरिता सिन्हा, सहोदया वाइस चेयरमैन एवं बड्स गार्डेन स्कूल के प्राचार्य प्रमोद चौरसिया, वाइस चेयरमैन मदन कुमार सिंह, सचिव एच.के. ठाकुर, आईएसएल झरिया के प्राचार्य, तथा मोंटफोर्ट अकैडमी के प्राचार्य राजेश कुमार सहित स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अमर कुमार पाल शामिल रहे। अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
क्विज में करंट न्यूज़, खेल, झारखंड से जुड़े तथ्य, सामान्य ज्ञान और अन्य विषय शामिल थे। फाइनल राउंड प्रोजेक्टर आधारित प्रश्नोत्तरी पर आधारित था, जिसमें ऑडियो-वीडियो राउंड भी कराया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अजय रावत, जियाउल हक, सोमेंन दे, अमन कुमार और अखिल बंधु ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि सहयोगी टीम में संजय तिवारी, दिलीप कुमार, अर्चना सिंह, सितारा आदि का योगदान सराहनीय रहा।
प्रतियोगिता के विजेताओं को सहोदया की ओर से ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया और अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। पूरे कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह देखने लायक था।

