
रांची: झारखंड में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान तेजी से नीचे गिरा है। मैकलुस्कीगंज में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यहां ओस की बूंदें जमने लगी हैं और सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते एक सप्ताह में मैकलुस्कीगंज का तापमान करीब आठ डिग्री तक गिर चुका है। 3 जनवरी को जहां तापमान 6.4 डिग्री था, वहीं 9 जनवरी को यह माइनस 2 डिग्री पर पहुंच गया। राजधानी रांची में भी ठंड बढ़ी है। यहां न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री से घटकर 7.3 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है।
मौसम विभाग ने राज्य के गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों में शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रांची, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
शुक्रवार को खूंटी राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मेदिनीनगर, बोकारो, सिमडेगा और हजारीबाग समेत कई जिलों में तापमान 5 डिग्री से नीचे रहा। लातेहार में शीत दिवस की स्थिति देखी गई, जहां दिन का तापमान भी सामान्य से काफी कम रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले पांच दिनों तक झारखंड में ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। अगले दो दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर तेजी से गिरावट आने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

