धनबाद/दिल्ली – झारखंड के नगर निगमों में आरक्षण नीति के क्रियान्वयन से जुड़े मामलों में अनियमितताओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता शांतनु चंद्रा मंगलवार को दिल्ली स्थित राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) के मुख्यालय पहुंचे।
यहां उन्होंने आयोग के चेयरमैन किशोर मकवाना से मुलाकात कर पूरी स्थिति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
शांतनु चंद्रा ने आयोग को बताया कि राज्य के कई नगर निगमों में आरक्षण व्यवस्था का सही ढंग से पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे अनुसूचित जाति समुदाय के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने संबंधित दस्तावेजों, तथ्यों और प्रमाणों के साथ शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की गहन जांच की मांग की।
बैठक के दौरान NCSC चेयरमैन किशोर मकवाना ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए कहा कि आयोग अनुसूचित जाति समाज के अधिकारों को लेकर बेहद संवेदनशील है और आरक्षण से जुड़े हर मामले पर कड़ी निगरानी रखता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत को विधिवत दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, आयोग इस संबंध में झारखंड सरकार और संबंधित नगर निगमों से रिपोर्ट तलब कर सकता है।
उधर, शांतनु चंद्रा ने कहा कि वे समाज के हकों और अधिकारों की लड़ाई को आगे भी मजबूती से जारी रखेंगे।
इस शिकायत के बाद झारखंड के विभिन्न जिलों में अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों में उम्मीद बढ़ी है कि नगर निगमों में आरक्षण से संबंधित विसंगतियों का समाधान जल्द निकल सकता है।

