Jharkhand की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ( Shilpi Neha Tirkey )साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, मंत्री तिर्की के सोशल मीडिया अकाउंट्स को अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा हैक कर लिया गया है। इस मामले को लेकर मंत्री ने रांची स्थित साइबर थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई है। घटना के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि यह हैकिंग बीते कुछ दिनों से चल रही थी, लेकिन इसकी पुष्टि तब हुई जब मंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट्स से कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं। मंत्री नेहा तिर्की के आधिकारिक पेज से अनजान पोस्ट और अनचाहे मैसेज प्रसारित होने लगे, जिससे उनके समर्थकों और अधिकारियों को भी हैरानी हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हैकर्स ने उनके फेसबुक, इंस्टाग्राम और ईमेल अकाउंट्स को टारगेट किया था। साइबर अपराधियों ने इन प्लेटफॉर्म्स पर अनधिकृत पहुंच बनाकर अकाउंट्स में लॉगिन किया और उसमें कुछ बदलाव करने की कोशिश की।
मंत्री ने इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए रांची के साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल उनकी व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं, बल्कि राज्य सरकार की कार्यशैली पर भी प्रश्न खड़े कर सकती हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि जब तक उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को पूरी तरह से सुरक्षित नहीं बना लिया जाता, तब तक कोई भी संदिग्ध पोस्ट या मैसेज पर भरोसा न करें।
Also Read: अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति सरायढेला शाखा ने किया आयोजित

