धनबाद। नवरात्र के शुभ अवसर पर धनसर स्थित रेडिसन इंडिविजुअल होटल में सोमवार को चॉकलेट से निर्मित मां दुर्गा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। अनावरण कार्यक्रम में धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी उपस्थित रहे।
होटल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि प्रतिमा को विशेष रूप से नवरात्र को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसे बनाने में होटल के स्टाफ की अहम भूमिका रही है। चॉकलेट से बनी यह अनोखी प्रतिमा श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
उद्घाटन के बाद एसएसपी प्रभात कुमार ने प्रतिमा की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास अद्वितीय और आकर्षक है। उन्होंने जिले और राज्यवासियों को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।

