
HIGHLIGHTS
- पांकी प्रखंड में पहली बार स्ट्रॉबेरी की खेती
- ✅ डेढ़ एकड़ में किसानों ने शुरू किया नया प्रयोग
- ✅ बनारस और कोलकाता तक भेजी जा रही फसल
- ✅ किसानों की आमदनी में हो रही बढ़ोतरी
- ✅ अन्य किसानों के लिए बनी मिसाल
पलामू जिले के पांकी प्रखंड में पहली बार स्ट्रॉबेरी की खेती की सफल शुरुआत हुई है। इस अनोखी पहल ने इलाके के किसानों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल दिए हैं। जिला उद्यान विभाग के सहयोग और प्रखंड उद्यान मित्र रंजन दुबे के मार्गदर्शन में सगालीम पंचायत के सगालीम गांव के किसान परमेंद्र प्रजापति और धर्मेंद्र प्रजापति ने करीब डेढ़ एकड़ भूमि में स्ट्रॉबेरी की खेती शुरू की।
किसानों की मेहनत अब रंग ला रही है। खेतों में तैयार हो रहे ताज़ा स्ट्रॉबेरी मेदिनीनगर के साथ-साथ बनारस और कोलकाता जैसे बड़े शहरों तक भेजे जा रहे हैं। इससे उनकी आमदनी में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और गांव-पंचायत स्तर पर यह खेती चर्चा का विषय बन चुकी है।
आस-पास के गांवों के किसान भी स्ट्रॉबेरी की खेती देखने और जानकारी लेने उनके खेतों तक पहुंच रहे हैं। प्रखंड उद्यान मित्र रंजन दुबे ने बताया कि सरकार की उद्यान विकास योजनाओं का सही तरीके से उपयोग कर किसान अपनी आय कई गुना बढ़ा सकते हैं। नियमित खाद, दवा के छिड़काव और बेहतर देखभाल के कारण फसल की गुणवत्ता भी काफी अच्छी बनी हुई है।
पांकी प्रखंड में स्ट्रॉबेरी की खेती की यह पहली पहल आने वाले समय में क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा और नई दिशा साबित हो सकती है।

