
#पटना : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि राज्य में बनी नई एनडीए सरकार को वे शुरुआती 100 दिनों तक पूरा अवसर देंगे। इस दौरान वे सरकार की नीतियों या फैसलों पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं करेंगे।
तेजस्वी यादव ने कहा कि अब सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अपने चुनावी वादों को ज़मीन पर उतारे। उन्होंने खास तौर पर महिलाओं को आर्थिक सहायता, बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और प्रत्येक जिले में उद्योग-धंधे स्थापित करने जैसे वादों का ज़िक्र किया।
उन्होंने यह भी कहा कि वे जनता के बीच रहकर सरकार के कामकाज पर नजर बनाए रखेंगे और समय आने पर तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखेंगे। तेजस्वी यादव ने दोहराया कि उनकी पार्टी सकारात्मक और जनहित की राजनीति में विश्वास रखती है।
इसके साथ ही उन्होंने पिछली चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है।

