रांची । झारखंड में इन दिनों लगातार हो रही बारिश से फिलहाल लोगों को राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम विभाग ने रांची समेत 16 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि 18 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में जोरदार बारिश होती रहेगी। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि चक्रवाती हवाओं और ट्रफ लाइन के असर से अगले तीन दिनों तक कई जिलों में तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं, राजधानी रांची में रविवार दोपहर से ही हल्की व मध्यम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार शाम 5:30 बजे तक शहर में करीब 30.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

