झारखंड के गुमला जिले में दो नाबालिग बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामला भरनो थाना क्षेत्र का है, जहां 14 नवंबर की रात दोनों बहनें जतरा देखकर लौट रही थीं। रास्ते में एक युवक ने उन्हें घर पहुंचाने का लालच दिया और स्कूटी पर बैठा लिया।
सुनसान जगह पर पहुंचकर आरोपी ने अपने साथियों को बुलाया और मिलकर दोनों नाबालिगों के साथ जबरन दुष्कर्म किया। आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। दोनों बहनें किसी तरह घर पहुंचीं, लेकिन डर और शर्म के कारण 16 नवंबर को ही परिजनों को इसकी जानकारी दे सकीं।
पीड़िताओं की मां ने तुरंत भरनो थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई तेज की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान इस प्रकार है—
विश्वास उरांव (20), निवासी आताकोरा
बीरबल उरांव (19), निवासी डाडकेसा सरना टोली
प्रकाश उरांव (19)
पुलिस के मुताबिक घटना में और भी आरोपी शामिल थे, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि पीड़िताओं का न्यायालय में बयान दर्ज करा दिया गया है।

