चाईबासा/सरायकेला।
झारखंड के सरायकेला जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चाईबासा–हाता मुख्य मार्ग पर राजनगर थाना क्षेत्र के चालियामा स्थित रुंगटा प्लांट गेट नंबर 5 के पास लौह अयस्क (आयरन ओर) से लदा एक डंपर अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पर पलट गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना सुबह करीब 5:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि मृतकों में ई-रिक्शा चालक भी शामिल हो सकता है। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और उन्हें चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आशंका जताई जा रही है कि डंपर के नीचे और भी लोग फंसे हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रुंगटा माइंस से लौह अयस्क लेकर डंपर प्लांट की ओर जा रहा था। इसी दौरान प्रवेश मार्ग के पास सड़क उबड़-खाबड़ होने के कारण वाहन असंतुलित होकर पलट गया। दुर्घटना के बाद चाईबासा–हाता मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी क्षेत्र में पहले भी ऐसे हादसे होते रहे हैं। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और डंपर पलटने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

