धनबाद:
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को धनबाद के बैंक मोड़ स्थित बिरसा चौक पर उपायुक्त–cum–जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने पदाधिकारियों के साथ मिलकर भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
उपायुक्त ने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आशीर्वाद से आने वाले 25 वर्षों में झारखंड देश और दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर हर झारखंडवासी के लिए गर्व का पल है।
झारखंड आंदोलनकारियों को मिलेगा सम्मान
उपायुक्त ने बताया कि न्यू टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में झारखंड आंदोलन में अपना योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने लोगों से झारखंड को देश के शीर्ष राज्यों में शामिल करने और आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करने का आह्वान किया।
बिरसा मुंडा: साहस और पराक्रम के प्रतीक
उपायुक्त ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय समाज के शौर्य, पराक्रम और सामाजिक जागरण के प्रतीक हैं।
उन्होंने उन्नीसवीं शताब्दी में आदिवासी समाज को नई दिशा देकर एक नए सामाजिक–राजनीतिक परिवर्तन की शुरुआत की।
उपायुक्त ने उनकी तुलना “तत्कालीन युग के एकलव्य” से करते हुए उन्हें सच्चा जननायक बताया।
बिरसा चौक में श्रद्धांजलि के बाद, उपायुक्त और सभी अधिकारियों ने वरीय पुलिस अधीक्षक आवास के बाहर स्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया।
मौजूद रहे अधिकारी
इस अवसर पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, नगर आयुक्त रवि राज शर्मा, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) हेमा प्रसाद, एसडीएम राजेश कुमार, डीआरडीए निदेशक राजीव रंजन, एनडीसी दीपक कुमार दुबे, डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) नौशाद आलम, एवं ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

