धनबाद। झरिया थाना क्षेत्र के उपर कुल्ही स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से करीब 40 लाख रुपये मूल्य के चिकित्सीय उपकरण और अन्य सामान चोरी होने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला 12 सितंबर को दर्ज किया गया था। चोरी की गंभीरता को देखते हुए झरिया थाना प्रभारी सह पुलिस उपनिरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी कर चोरी गए अधिकांश सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस द्वारा जब्त किए गए सामानों में सीबीसी मशीन, टू नेट मशीन, बाइनोकुलर माइक्रोस्कोप, बायोमेट्रिक्स मशीन, बीपी मशीन, वजन मशीन, हिमोग्लोबिन मशीन, एलजी कम्पनी का फ्रिज, स्टेथोस्कोप, मेडिकल ट्रे, किडनी ट्रे, स्टील बर्तन, टिफिन और लिफ्टर जैसे उपकरण शामिल हैं। वहीं, मरीजों के लिए रखे गए आहार सामग्री भी चोरी कर ली गई थी, जिसमें चना, मसूर, अरहर दाल, राजमा, मूंगफली, गुड़ और सोयाबीन की बड़ी मात्रा पाई गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो.सोनू उर्फ मुर्तजा और मो.शमशाद उर्फ भोन्टा, दोनों निवासी शमशेरनगर, ईमामबाड़ा के पास, थाना झरिया, जिला धनबाद के रूप में हुई है।
सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम ने बताया कि चोरी किए गए उपकरण दो अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि पूरे गिरोह का जल्द पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

