गोविंदपुर:
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रव्यापी अभियान ‘यूनिटी मार्च’ में भाग लेने के लिए भाजपा धनबाद जिला ग्रामीण से चुने गए दो युवा प्रतिनिधि— गोविंद राय (गोविंदपुर) और अजय साहनी (टुंडी)— शनिवार को गुजरात के लिए रवाना हुए।
नई दिल्ली के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित फ्लैग ऑफ समारोह में आठ राज्यों से चुने गए युवा प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया, राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, और नई दिल्ली की सांसद बंसरी स्वराज सहित कई केंद्रीय नेता उपस्थित रहे।
झारखंड से कुल 52 प्रतिनिधि इस राष्ट्रीय अभियान में भाग ले रहे हैं। प्रतिनिधियों की यह टीम चार राज्यों से होते हुए सड़क मार्ग द्वारा गुजरात पहुंचेगी, जहां राष्ट्रीय स्तर का आयोजन होगा।

