कतरास के सिनीडीह हनुमान नगर में स्थित पोखरिया को भरने का कार्य गुरुवार को उस समय रोकना पड़ा, जब टुंडू साइडिंग क्षेत्र के ग्रामीणों ने इसका जोरदार विरोध शुरू कर दिया। बीसीसीएल महेशपुर कोलियरी में कार्यरत श्री इंफ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा पोखरिया भराई की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन विरोध बढ़ता देख कंपनी प्रबंधन को मशीनों और हाइवा वाहनों को कैंप वापस बुलाना पड़ा।
ग्रामीणों ने बीसीसीएल और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि वर्षों से यह पोखरिया उनका प्रमुख जलस्रोत रहा है, जिससे वे नहाने, धोने और पीने तक का पानी लेते हैं। लोगों का कहना है कि जब तक बीसीसीएल वैकल्पिक जलापूर्ति की पुख्ता व्यवस्था नहीं करता, तब तक पोखरिया को भरने नहीं दिया जाएगा।
हालांकि कंपनी के प्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अडिग रहे और भराई कार्य तत्काल रोकने की मांग करते रहे। विरोध में बढ़ती तीव्रता को देखते हुए काम फिलहाल बंद कर दिया गया है।

